Pushkar Singh Dhami ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच प्रदेशवासियों से ऊर्जा संसाधनों की बचत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि Narendra Modi द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत के लिए नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और मजबूत भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
दरअसल, हैदराबाद में आयोजित एक रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक इस्तेमाल करने, कारपूलिंग अपनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए एक साल तक सोने की खरीद और विदेश यात्रा टालने का भी सुझाव दिया।
सीएम धामी ने कहा कि यदि लोग अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचें, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, ऊर्जा की बचत करें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल बढ़ाएं, तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बड़ा योगदान होगा।
उन्होंने खेती में रासायनिक उर्वरकों की जगह प्राकृतिक खाद के इस्तेमाल और खाद्य तेल के सीमित उपयोग पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के लोग हमेशा राष्ट्रहित में आगे रहे हैं और ‘वोकल फॉर लोकल’ तथा आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जनभागीदारी से ही सफल होगा।
