होंडुरास में दो अलग-अलग इलाकों में हुई भीषण गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। घटनाओं के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पहली घटना उत्तरी होंडुरास के ट्रूजिलो नगर पालिका में हुई, जहां एक बागान में काम कर रहे कम से कम 19 मजदूरों को बंदूकधारियों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दूसरी घटना ओमोआ नगर पालिका में हुई, जो ग्वाटेमाला सीमा के पास स्थित है। यहां हमलावरों ने पुलिस टीम को निशाना बनाया। इस हमले में एक वरिष्ठ अधिकारी समेत 6 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता एडगार्डो बाराहोना ने बताया कि पुलिस अधिकारी गिरोह-विरोधी अभियान पर तैनात थे और राजधानी तेगुसिगाल्पा से ओमोआ की ओर जा रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया।
पुलिस का कहना है कि ट्रूजिलो में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ परिजन अपने प्रियजनों के शव घटनास्थल से ले गए हैं।
होंडुरास सुरक्षा मंत्रालय ने बताया कि दोनों इलाकों में राष्ट्रीय पुलिस और सशस्त्र बलों की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों और अभियोजकों की विशेष टीम भी गठित की गई है।
गौरतलब है कि संसाधनों से समृद्ध यह क्षेत्र लंबे समय से कृषि संघर्ष, गिरोह हिंसा और आपराधिक गतिविधियों के कारण संवेदनशील माना जाता रहा है। फिलहाल हमलों के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
