देहरादून: उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के मंडलायुक्तों (रोल ऑब्जर्वर) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अभियान को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दोनों मंडलों के आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे जनपदों का फील्ड दौरा कर उन मतदान केंद्रों का निरीक्षण करें, जहां ‘अनकलेक्टेबल’ श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की संख्या अधिक है। साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा सत्यापित एसएसडी (SSD) सूची की भी समीक्षा करने को कहा।
डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची में शामिल मतदाताओं के गणना प्रपत्र पर स्पष्ट और तथ्यात्मक टिप्पणी दर्ज करें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक टिप्पणी पर संबंधित बीएलओ के साथ-साथ बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) के सदस्यों के भी हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से लिए जाएं, ताकि प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद प्राप्त होने वाले दावों और आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के लिए सभी जिलों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में 70 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और 800 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि नोटिस प्रक्रिया के दौरान किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि पहाड़ी क्षेत्रों में दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए न्याय पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएं, जिसके लिए रोस्टर तैयार किया जाए।
वहीं, मैदानी क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तहसील, नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से अपनी आपत्तियां और दावे दर्ज करा सकें।
बैठक में कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
