आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों तथा बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति के साथ-साथ तय समयसीमा पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने केदारनाथ धाम में प्रस्तावित छह नए ब्लॉकों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए ताकि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरे किए जा सकें।
उन्होंने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी को केदारनाथ यात्रा क्षेत्र के लिए व्यापक और एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि यात्रा के दौरान कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कार्य के लिए आवश्यक वित्तीय, तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में बद्रीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों के साथ-साथ परियोजना से जुड़े आर्टवर्क और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाए जाएं, ताकि समय पर परियोजनाएं पूरी हो सकें।
उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में विकसित की जा रही सभी परिसंपत्तियों और सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) के लिए पहले से स्पष्ट व्यवस्था तैयार की जाए। इससे परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उनके रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी तय करने में आसानी होगी।
बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार तथा संबंधित जिलों के जिलाधिकारी भी उपस्थित रहे।
