कर्नाटक के दक्षिण बेंगलुरु जिले के आनेकल इलाके में आठवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है। छात्रा बुधवार रात अपने घर में फंदे से लटकी मिली। गुरुवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों का आरोप है कि स्कूल में एक शिक्षक की डांट के बाद बच्ची मानसिक रूप से परेशान थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
सुसाइड नोट में क्या लिखा?
घटनास्थल से एक हस्तलिखित कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें छात्रा ने लिखा कि स्कूल में हुई एक घटना से उसे गहरा मानसिक आघात पहुंचा था। उसने दावा किया कि उस पर झूठे आरोप लगाए गए, जिन्हें वह सहन नहीं कर पाई।
छात्रा ने नोट में यह भी लिखा कि उसके इस फैसले के लिए उसकी मां, बहन और भाई जिम्मेदार नहीं हैं। उसने लोगों से अपील की कि उसकी मां को दोष न दिया जाए और अपने परिवार से माफी भी मांगी।
पुलिस कर रही है जांच
सूर्यनगर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ सहपाठी कथित तौर पर छात्रा को ताने देते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में थी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बरामद सुसाइड नोट में किसी शिक्षक पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया गया है। फिलहाल शिक्षकों, सहपाठियों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से बात करें। समय पर मदद लेना बेहद महत्वपूर्ण है।
