मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बुधवार को उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर, जनजागरूकता कार्यक्रम और विकास प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित की गई।
अल्मोड़ा, बागेश्वर, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, चमोली, चम्पावत, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर सहित कई जिलों में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, स्वरोजगार, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, शिक्षा, राजस्व, विद्युत, पेयजल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आयुष, सेवायोजन, मत्स्य और सहकारिता जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लोगों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया।
शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण, आधार और प्रमाण-पत्र निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, महालक्ष्मी किट, कृषि एवं उद्यान सहायता, पशुपालन, रोजगार पंजीकरण, छात्रवृत्ति और किसान कल्याण योजनाओं सहित कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
अभियान के दौरान लोगों की शिकायतें और आवेदन भी लिए गए। प्राप्त 415 शिकायतों और आवेदनों में से 179 से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
प्रदेशभर में आयोजित शिविरों में करीब 5,300 से अधिक लोगों ने भागीदारी की, जबकि 4,470 से अधिक पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। हरिद्वार में 1,130 प्रतिभागियों में 386 लाभार्थियों को लाभ मिला, जबकि ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में 1,150 प्रतिभागियों में 951 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा अल्मोड़ा, बागेश्वर, उत्तरकाशी, पौड़ी, चमोली, चम्पावत और नैनीताल में भी बड़ी संख्या में लोगों ने शिविरों का लाभ उठाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक सुशासन और जनसेवा की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली है। जनसेवा शिविरों के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे उनका समय, श्रम और धन बच रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
