अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व के अवसर पर वृद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए राज्य की निरंतर प्रगति एवं जनकल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वृद्ध जागेश्वर मंदिर परिसर में कन्याओं को प्रसाद वितरित किया और उन्हें हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम देश के प्रमुख एवं प्राचीन शिवधामों में से एक है, जो अपनी समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के कारण पूरे देश में विशेष पहचान रखता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि—
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मंदिर समिति के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
