हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 से 22 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने 20 और 21 जुलाई के लिए कई जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के अनुसार 20 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू और शिमला में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में मध्यम बारिश का अनुमान है।
21 जुलाई को भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर के लिए रेड अलर्ट जारी रहेगा। इसके अलावा हमीरपुर, शिमला और सोलन में ऑरेंज तथा ऊना और बिलासपुर में येलो अलर्ट रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 18 जुलाई को चंबा, मंडी और कांगड़ा में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
19 जुलाई से मानसून और सक्रिय होगा। इस दिन कांगड़ा, मंडी और शिमला में ऑरेंज अलर्ट, जबकि हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, सिरमौर, सोलन, ऊना और बिलासपुर में येलो अलर्ट रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार 22 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जिसके चलते इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में 24 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
IMD ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, नदी-नालों और जल स्रोतों से दूर रहें तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
