देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर-त्यूणी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। टियूटाड के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही त्यूणी थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल व्यक्ति को खाई से बाहर निकाला। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी भेजा गया।
टियूटाड के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक पिकअप वाहन संख्या UK07-CB-6002 टियूटाड से त्यूणी की ओर जा रहा था। टियूटाड के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
स्थानीय ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद थानाध्यक्ष कुलदीप शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम और SDRF के जवान मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
वाहन मालिक के बयान से बढ़ा रहस्य
हादसे के बाद मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। वाहन मालिक का कहना है कि हादसे में मृतक और घायल व्यक्ति वाहन चालक नहीं हैं। वहीं जिस चालक के वाहन चलाने की बात सामने आ रही है, उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है।
त्यूणी थाना प्रभारी कुलदीप शाह के मुताबिक, वाहन में दो लोगों के होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन वाहन मालिक ने दोनों के चालक होने से इनकार किया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार तो नहीं हो गया।
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
मृतक और घायल की पहचान हुई
हादसे में मृतक की पहचान खजान लाल (40 वर्ष), पुत्र दुर्भी लाल, ग्राम सुनकड़ी, पोस्ट सांकरी, थाना मोरी के रूप में हुई है।
वहीं घायल की पहचान रविन लाल (34 वर्ष), पुत्र रकमू लाल, ग्राम सुचाणू, पोस्ट नेटवाड़, तहसील मोरी के रूप में हुई है। घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी में उपचार चल रहा है।
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस की ओर से पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। वहीं वाहन चालक की भूमिका और हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच जारी है।
