बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु में पुलिस ने एक कार से करीब 9 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले की सूचना के बाद आयकर विभाग ने कैश जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
होसुर जा रही कार को रोका
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को KL 20 T 8629 नंबर की क्रेटा कार बेंगलुरु से तमिलनाडु के होसुर जा रही थी। इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस की टीम ने होसुर रोड पर कार को रोककर तलाशी ली। कार में दो लोग सवार थे।
शूटकेस में मिले करोड़ों रुपये
आयकर अधिकारियों ने कार की तलाशी ली तो एक शूटकेस से करीब 9 करोड़ रुपये नकद मिले। इनमें ज्यादातर 500 रुपये के नोट बताए जा रहे हैं। कार को पुलिस ने आयकर विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया।
घरों से भी 1.3 करोड़ रुपये बरामद
पूछताछ के दौरान जुड़े लोगों के घरों पर भी तलाशी ली गई, जहां से करीब 1.3 करोड़ रुपये अतिरिक्त बरामद हुए। हिरासत में लिए गए लोगों में तमिलनाडु के तूतुकुडी स्थित सिंधु ज्वैलर्स से जुड़े 42 वर्षीय सचिन भी शामिल हैं।
केरल में रजिस्टर्ड है कार
पुलिस के अनुसार, जिस कार से कैश बरामद हुआ है, वह केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के नेय्याट्टिनकारा इलाके में रजिस्टर्ड है। फिलहाल आयकर विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। रकम के स्रोत और इसके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
