फ्लोरेस: इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में गुरुवार सुबह 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। तेज झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद फिर झटके
फ्लोरेस में कुछ दिन पहले ही 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। इस भूकंप से बड़े पैमाने पर तबाही हुई थी और कई इलाकों में भूस्खलन हुआ था। घरों के अलावा स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और सरकारी इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई थीं।
73 लोगों की हुई थी मौत
15 अगस्त को आए भूकंप में अब तक कम से कम 73 लोगों की मौत और 900 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। करीब 60 हजार लोग बेघर हुए हैं। राहत और बचाव कार्यों के दौरान भी लगातार आफ्टरशॉक्स से मुश्किलें बढ़ रही हैं।
हजारों आफ्टरशॉक्स से बढ़ी चिंता
अधिकारियों के मुताबिक मुख्य भूकंप के बाद 3,000 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए जा चुके हैं। भूस्खलन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण कई प्रभावित इलाकों तक राहत पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है।
भूकंप के बाद कुछ इलाकों में सुनामी की छोटी लहरें भी उठी थीं। सबसे ऊंची लहर करीब 1.61 मीटर दर्ज की गई थी। हालांकि बाद में सुनामी की चेतावनी वापस ले ली गई थी।
