नई दिल्ली। खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का एक कथित ऑडियो सामने आया है। ऑडियो में बराड़ कथित तौर पर निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेने और हत्या की वजह बताने का दावा करता सुनाई दे रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
ऑडियो में बराड़ का कथित आरोप है कि निज्जर ऐसे लोगों का समर्थन करता था, जो 16-17 साल के युवाओं को ड्रग्स बेचने के लिए इस्तेमाल करते थे। उसका दावा है कि इन युवाओं को ड्रग्स बेचने और मुखबिरी करने के लिए ब्लैकमेल भी किया जाता था।
निज्जर पर लगाए गंभीर आरोप
कथित ऑडियो में बराड़ का कहना है कि निज्जर ऐसे लोगों को समर्थन और ताकत देता था, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल किया जा सके। बराड़ के मुताबिक, इसी वजह से उसे और उसकी टीम को निज्जर की हत्या करनी पड़ी।
बराड़ ने कथित तौर पर यह भी कहा कि हर व्यक्ति को अपने किए का परिणाम भुगतना पड़ता है।
18 जून 2023 को हुई थी निज्जर की हत्या
हरदीप सिंह निज्जर की हत्या 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे शहर में एक गुरुद्वारे के बाहर हुई थी। इस हत्या के बाद भारत और कनाडा के संबंधों में भी गंभीर तनाव पैदा हुआ था।
भारतीय एजेंसियां पहले भी गैंगवार के एंगल की बात कहती रही हैं
भारतीय पक्ष पहले से ही निज्जर हत्याकांड में गैंगवार और संगठित अपराध के एंगल की संभावना जताता रहा है। भारत ने कनाडा की ओर से हत्या को भारतीय सरकारी एजेंटों से जोड़ने वाले आरोपों को खारिज किया था और पर्याप्त सबूत की मांग की थी।
वायरल ऑडियो में गोल्डी बराड़ की कथित स्वीकारोक्ति सामने आने के बाद मामले में गैंगवार के एंगल को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है, इसलिए इसे फिलहाल एक कथित दावा ही माना जा रहा है।
