
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच हुए हमलों में कीव समेत देश के करीब एक दर्जन इलाकों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में चार बच्चों समेत कम से कम 24 नागरिकों की मौत हुई है, जबकि करीब 60 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह हमला यूक्रेन की ओर से रूस पर किए गए बड़े ड्रोन हमले के एक दिन बाद हुआ। इसके बाद रूस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए यूक्रेन के कई शहरों पर मिसाइलों और ड्रोन की बौछार कर दी।
यूक्रेन ने एक दिन पहले रूस पर किया था बड़ा ड्रोन हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, रूस पर हुए यूक्रेनी हमले में करीब 650 विस्फोटक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। मॉस्को और आसपास के इलाकों में हुए इस हमले में भारी नुकसान की खबर सामने आई। मॉस्को से करीब 40 किलोमीटर दूर मॉस्को ओब्लास्ट में एक बड़े ऑयल डिपो को भी नुकसान पहुंचा।
इसके बाद रूस की ओर से यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर जवाबी हमला किया गया। रूसी मिसाइलों और ड्रोन ने यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया।
रूस ने 130 ड्रोन और 48 मिसाइलें दागीं
यूक्रेनी एयरफोर्स के मुताबिक, रूस ने हमले में करीब 130 ड्रोन और 48 क्रूज व बैलिस्टिक मिसाइलें इस्तेमाल कीं। यूक्रेन ने दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस ने इनमें से 161 हवाई लक्ष्यों को नष्ट या निष्क्रिय किया।
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रूस के बड़े हमले को लेकर पहले ही खुफिया जानकारी मिल गई थी। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी हमले से एक दिन पहले लोगों को संभावित बड़े रूसी हमले को लेकर सतर्क किया था।
निप्रो में इंडस्ट्रियल यूनिट को नुकसान
रूसी हमलों का असर यूक्रेन के प्रमुख औद्योगिक शहर निप्रो में भी दिखाई दिया। मिसाइल हमलों के बाद कई जगहों पर जोरदार धमाके हुए और आग लग गई। एक प्रमुख औद्योगिक इकाई को नुकसान पहुंचने की खबर है। इसके अलावा आसपास की कई इमारतों को भी नुकसान हुआ।
गेरान ड्रोन ने बढ़ाई यूक्रेन की चिंता
रूस के नए जेट-पावर्ड गेरान ड्रोन यूक्रेन के लिए नई चुनौती बनकर सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रूस बड़ी संख्या में ऐसे ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है। इनकी गति पारंपरिक पिस्टन इंजन वाले ड्रोन की तुलना में अधिक बताई जा रही है, जिससे इन्हें रोकना यूक्रेनी एयर डिफेंस के लिए मुश्किल हो रहा है।
रिपोर्ट में गेरान-5 को जेट इंजन से लैस आत्मघाती ड्रोन बताया गया है। इसकी संभावित गति करीब 450 से 600 किलोमीटर प्रति घंटा और स्ट्राइक रेंज लगभग 950 से 1,000 किलोमीटर बताई जा रही है। इसमें करीब 90 किलोग्राम तक का विस्फोटक ले जाने की क्षमता होने का दावा किया गया है।
कीव में भी भारी तबाही
रूस के हमलों से यूक्रेन की राजधानी कीव भी प्रभावित हुई। यहां मिसाइलों और ड्रोन से कई इलाकों को निशाना बनाया गया। रिहायशी इमारतों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने हमलों में ऊर्जा ढांचे को भी निशाना बनाया। उनका कहना है कि रूसी हमलों का उद्देश्य यूक्रेन के बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाना है।
कई शहरों में सुनाई दिए धमाके
रूसी हमलों का असर कीव के अलावा पोल्टावा, निप्रॉपेट्रोस, खार्किव और चेर्निहाइव समेत कई क्षेत्रों में देखने को मिला। कई स्थानों पर विस्फोट के बाद आग लग गई और इमारतों को नुकसान पहुंचा।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी हमलों के बीच युद्ध को समाप्त करने की कूटनीतिक कोशिशें भी चल रही हैं। हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने के प्रयासों की सराहना की थी। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष लगातार जारी है।

