
मध्य पूर्व में जारी तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान ने अमेरिका के साथ संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत से इनकार करते हुए साफ कर दिया है कि उसकी सात शर्तें पूरी होने के बाद ही कोई बातचीत होगी। हालांकि, ईरान ने अभी तक इन सात शर्तों का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया है। इस बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तीन तेल टैंकरों के समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आने और उनमें आग लगने का दावा किया गया है। वहीं, गाजा में इजरायल के हमलों में कम से कम नौ फलस्तीनियों की मौत हुई है।
ईरान की सात शर्तें क्या हैं?
ईरानी सरकारी टेलीविजन के मुताबिक, देश के मुख्य वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालीबाफ ने मंगलवार को कहा कि जब तक ईरान की सात शर्तें पूरी नहीं होतीं, तब तक अमेरिका के साथ बातचीत नहीं होगी।
हालांकि, इन शर्तों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, इनमें आर्थिक प्रतिबंध हटाना, ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म करना और जब्त की गई ईरानी संपत्तियों को जारी करना शामिल है।
ईरान ने दी संघर्ष का दायरा बढ़ाने की चेतावनी
गालीबाफ ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दुश्मन की ओर से कोई गलती हुई तो ईरान इस संघर्ष का भौगोलिक दायरा बदल देगा।
इस बीच ईरान ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आने से तीन तेल टैंकरों में आग लग गई। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौसैन्य शाखा ने सोमवार को टेलीग्राम पर पोस्ट कर दावा किया कि अमेरिकी हवाई सुरक्षा के बावजूद ये टैंकर आग की लपटों में घिर गए।
गाजा में इजरायली हमलों में 9 फलस्तीनियों की मौत
दूसरी ओर गाजा में इजरायल के हमले भी जारी हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार रात और मंगलवार सुबह हुए चार हमलों में कम से कम नौ फलस्तीनियों की मौत हो गई। मृतकों में हमास द्वारा संचालित सरकार के गृह मंत्रालय का एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भी शामिल है।
रियाद के वित्तीय जिले में भी हमले की खबर
इस बीच सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने मंगलवार को बताया कि सऊदी राजधानी रियाद के वित्तीय जिले में स्थित एक टावर पर आतंकवादी हमला हुआ है। यह गठबंधन यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ अभियान चला रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बहरीन में अमेरिकी अर्ली वॉर्निंग रडार सिस्टम को नष्ट करने का दावा किया था। साथ ही अमेरिका को चेतावनी दी थी कि यदि उसने दोबारा ईरान पर हमला किया या उसकी सीमाओं का उल्लंघन किया तो उसे और कड़ा जवाब दिया जाएगा।
मध्य पूर्व में लगातार बढ़ते सैन्य तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों से जुड़ी घटनाओं के बीच अब पूरी दुनिया की नजर अमेरिका और ईरान के अगले कदम पर है।

