
आजकल दांतों में दर्द, सड़न और कैविटी की समस्या आम हो गई है। कई लोग इन परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए घरेलू नुस्खे अपनाते हैं। इन्हीं में से एक है फिटकरी का इस्तेमाल। माना जाता है कि फिटकरी लगाने से दांतों में लगे कीड़े निकल जाते हैं और सड़न ठीक हो जाती है। लेकिन क्या वाकई ऐसा संभव है? इस बारे में कावेरी हॉस्पिटल, चेन्नई के डेंटल सर्जन डॉ. यू. राकेश ने अहम जानकारी दी है।
क्या कहते हैं डॉक्टर?
डॉक्टर के मुताबिक, फिटकरी लगाने से दांतों की सड़न या दर्द ठीक नहीं होता। दरअसल, दांतों में कोई कीड़ा नहीं होता। आम बोलचाल में जिसे दांत का कीड़ा कहा जाता है, वह असल में दांतों की सड़न यानी कैविटी होती है।
मुंह में मौजूद बैक्टीरिया खाने में मौजूद शुगर के साथ मिलकर एसिड बनाते हैं। यह एसिड धीरे-धीरे दांतों की बाहरी परत को नुकसान पहुंचाता है और इससे कैविटी बनने लगती है।
फिटकरी में कुछ ऐसे गुण होते हैं, जो बैक्टीरिया को कम करने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, इसे दांतों पर लगाने से सड़न दूर नहीं होती और न ही कैविटी ठीक होती है। एक बार दांत खराब हो जाए, तो फिटकरी उसे पहले जैसा नहीं बना सकती। इसके अलावा, सीधे दांतों या मसूड़ों पर फिटकरी लगाने से जलन भी हो सकती है।
दांतों की सड़न को कैसे रोकें?
दांतों का इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि सड़न कितनी बढ़ चुकी है। शुरुआती अवस्था में फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट का इस्तेमाल और दांतों की सही देखभाल करने से सड़न को बढ़ने से रोका जा सकता है।
अगर दांत में कैविटी बन गई है, तो डेंटिस्ट फिलिंग की सलाह दे सकते हैं। वहीं, सड़न दांत के अंदरूनी हिस्से तक पहुंचने पर रूट कैनाल ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ सकती है। गंभीर मामलों में दांत निकालना भी पड़ सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
डॉक्टर की सलाह है कि दांतों में दर्द या कैविटी होने पर घरेलू नुस्खों पर निर्भर न रहें। दांतों को स्वस्थ रखने के लिए दिन में दो बार ब्रश करें, मीठी चीजों का सेवन कम करें और नियमित रूप से डेंटिस्ट से जांच करवाएं।
अगर दांतों में दर्द, ठंडा या गर्म लगने अथवा मसूड़ों में सूजन जैसी परेशानी हो, तो समय रहते डॉक्टर को दिखाएं। याद रखें, फिटकरी से दांतों का कीड़ा नहीं निकलता और न ही सड़न ठीक होती है। सही समय पर इलाज करवाकर दांतों को बचाया जा सकता है।

