चमोली, 10 नवंबर 2025: जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी को भगा ले जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। किशोरी को सुरक्षित ढूंढ लिया गया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया के अनुसार, 7 नवंबर को पीड़ित पक्ष ने लिखित तहरीर दी थी कि उनकी बेटी को 5 नवंबर को रतगांव निवासी युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया और उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर नाबालिग को सुरक्षित ढूंढने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में तकनीकी सहायता और मानवीय सूचना का उपयोग करते हुए खोजबीन की गई।
टीम ने किशोरी को सुरक्षित छुड़ा लिया और उसका बयान दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया, महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल, कांस्टेबल नीतीश और महिला कांस्टेबल शाहीन शामिल थे।
