भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालते ही संगठनात्मक स्तर पर अहम फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। पार्टी ने केरल विधानसभा चुनाव, ग्रेटर बेंगलुरु कॉर्पोरेशन चुनाव समेत कई अहम चुनावों के लिए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से आधिकारिक चिट्ठी जारी की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को आगामी केरल विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को चुनाव सह-प्रभारी बनाया गया है। केरल में विधानसभा चुनाव अप्रैल महीने में संभावित बताए जा रहे हैं। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसके साथ ही विनोद तावड़े को चंडीगढ़ के नए मेयर के चुनाव की देखरेख की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
वहीं ग्रेटर बेंगलुरु कॉर्पोरेशन चुनाव के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेता राम माधव को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। इस चुनाव में राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और महाराष्ट्र से विधायक संजय उपाध्याय को चुनाव सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। ये सभी नियुक्तियां भी तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
इसके अलावा आगामी तेलंगाना नगर पालिका और निगम चुनावों के लिए भी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए हैं। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार को चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा को चुनाव सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि नितिन नवीन ने मंगलवार को भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। उन्होंने जे.पी. नड्डा की जगह ली है। उनके अध्यक्ष बनने के साथ ही पार्टी में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। भाजपा इस समय देश की राजनीति में अपनी पकड़ और मजबूत करने के साथ-साथ संगठन में पीढ़ीगत बदलाव के जरिए प्रभाव विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब पार्टी के विषयों की बात आती है, तो वह स्वयं को एक कार्यकर्ता मानते हैं और “माननीय नितिन नवीन जी” उनके बॉस हैं।
