हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में ₹147 करोड़ 28.56 लाख की 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹72 करोड़ 38 लाख की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹74 करोड़ 90 लाख 56 हजार की लागत से 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जिला विकास की नई गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकसित उत्तराखंड” के लक्ष्य की दिशा में तीव्रता से कार्य कर रही है और प्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। सरकार द्वारा लिए गए कई ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ राज्य सरकार विरासत के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल-विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे निर्णय राज्य की सांस्कृतिक अस्मिता और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य की संस्कृति, विरासत और पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा एवं बैलपड़ाव में नलकूप निर्माण सहित 23 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
इसके अतिरिक्त महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल, देवलातल्ला, बसंतपुर, किशनपुर रैक्वाल, चोरगलिया आमखेड़ा, हल्दूचौड़ जग्गी, भवानीपुर कृष्णा, पाडलीपुर, भगवानपुर दुर्गापुर एवं बकुटिया सहित विभिन्न पेयजल योजनाओं का शुभारंभ किया गया।
शिलान्यास की गई योजनाओं में कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी मार्ग, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली मार्ग सुधारीकरण, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर तक सड़क मरम्मत, देवरामपुर-गौलागेट मार्ग सुधार, हल्दूचौड़-गौलारोड डीबीएमसी कार्य, पीपल पोखरा राइजिंग स्टेशन तथा पनचक्की-चौफुला-कठघरिया नहर कवरिंग कार्य सहित कुल 17 योजनाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने एसपीए कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना (लागत ₹154.43 करोड़) का भूमि पूजन भी किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
