नई दिल्ली/एर्नाकुलम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केरल और तमिलनाडु के दौरे के दौरान कुल 16,450 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने केरल के एर्नाकुलम में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया।
एर्नाकुलम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें गर्व है कि भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया अब इस महान राज्य को “केरलम” के नाम से पुकार रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के “राजकुमार” को यह भी नहीं पता कि भारत के युवा ड्रोन निर्माण के क्षेत्र में बड़े चमत्कार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के युवा तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 5,650 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से गैस पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार शामिल है, जिससे नीलगिरी और इरोड जिलों के लगभग 8.8 लाख घरों तक रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा 200 से अधिक सीएनजी स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे।
कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु में 89 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन किया और चेन्नई में एक बड़े ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट का भी शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने तमिलनाडु को पड़ोसी राज्यों और पूर्वी भारत से जोड़ने के लिए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के जरिए दक्षिण भारत में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
