नई दिल्ली। भारत मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़े बदलाव का अलर्ट जारी किया है। दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और मध्य भारत समेत करीब 22 राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि 29-30 मार्च को यह रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इससे बढ़ते तापमान पर ब्रेक लगेगा।
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश में 27 मार्च को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 27 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में 31 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 29 मार्च के बीच तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में आंधी-बारिश के आसार हैं। वहीं, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में अगले पांच दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। तटीय महाराष्ट्र और केरल में उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
बिहार में 27 मार्च को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और आवश्यक सावधानी बरतें।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
