देवभूमि उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी देहरादून में सुबह से घने बादल छाने के बाद तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम खराब बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।
वहीं 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 और 5 मई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं तेज गर्जना, बिजली चमकने और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट भी लागू है।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
- पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने के निर्देश
- भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने पर जोर
- राहत और बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने के आदेश
- राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमजीएसवाई और बीआरओ को सड़कों की तत्काल बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश
- स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। आने वाले दिनों में मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।
