बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने मुंबई स्थित उनके बंगले ‘मन्नत’ के रेनोवेशन और अतिरिक्त मंजिलों के निर्माण को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। इसके साथ ही ‘मन्नत’ में प्रस्तावित निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है।
सुप्रीम कोर्ट की पीठ, जिसमें मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना शामिल थे, ने कहा कि संबंधित अधिकारियों ने कोस्टल रेगुलेशन जोन (CRZ) के नियमों का पालन करते हुए अनुमति दी है। अदालत ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यून (एनजीटी) के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए याचिका को खारिज कर दिया।
‘मन्नत’ के रेनोवेशन के खिलाफ मुंबई के एक निवासी ने याचिका दाखिल की थी, जिसमें बांद्रा स्थित समुद्र किनारे बने बंगले के निर्माण की मंजूरी पर सवाल उठाए गए थे। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता के उद्देश्य पर भी संदेह जताया और कहा कि प्रथम दृष्टया याचिका का उद्देश्य संदिग्ध प्रतीत होता है। अदालत को हस्तक्षेप का कोई ठोस आधार नहीं मिला।
रेनोवेशन कार्य के चलते शाहरुख खान, पत्नी गौरी और बच्चों आर्यन, सुहाना और अबराम के साथ फिलहाल मुंबई के पाली हिल स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट में रह रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने फिल्म निर्माता वाशु भगनानी की इमारत की चार मंजिलें किराए पर ली हैं, जहां परिवार अस्थायी रूप से रह रहा है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, अभय वर्मा और अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म के सेट से कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।
