कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 हजार किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक जब्त की है। संयुक्त छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर गोदाम संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खड़खड़ी क्षेत्र में बैरागी धर्मशाला के सामने स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। यह कार्रवाई मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
प्रशासन के अनुसार, सूचना मिली थी कि गोदाम में बड़ी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलीथिन का भंडारण किया गया है, जिसे कांवड़ मेले के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
नगर निगम का कहना है कि लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि गंगा घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में छोटे व्यापारियों को इसी गोदाम से प्रतिबंधित पॉलीथिन की आपूर्ति की जा रही थी। यही प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्यावरण प्रदूषण और कचरे का बड़ा कारण बनती थी।
कांवड़ मेले को देखते हुए प्रशासन ने ऐसे नेटवर्क पर विशेष निगरानी शुरू कर दी थी। पुख्ता सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद होने के बाद संबंधित गोदाम संचालक के खिलाफ एक लाख रुपये का चालान भी किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
