पेपर लीक के लगातार सामने आए मामलों के बाद आखिरकार केंद्र सरकार ने परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाया है। सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ नए और अधिक सख्त कानून के मसौदे को कैबिनेट से मंजूरी दे दी है। यह विधेयक सोमवार को संसद में पेश किया जाएगा। प्रस्तावित कानून का उद्देश्य सिर्फ दोषियों को कड़ी सजा देना नहीं, बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और भरोसा बहाल करना है।
सरकार जो नया कानून ला रही है, वह Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 की जगह लेगा। मौजूदा कानून में पेपर लीक के दोषियों के लिए तीन से पांच साल तक की सजा और संगठित अपराध के मामलों में अधिकतम दस साल की कैद का प्रावधान था। नए विधेयक में सामान्य मामलों में सजा बढ़ाकर 10 साल और संगठित पेपर लीक गिरोहों के लिए उम्रकैद तक का प्रावधान किया गया है। जुर्माने की अधिकतम राशि भी एक करोड़ रुपये से बढ़ाकर दस करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव है।
इसके साथ ही सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में व्यापक बदलाव शुरू कर दिए हैं। हाल ही में एजेंसी के 47 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त कर नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की गई है। सरकार का दावा है कि इन बदलावों से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा भविष्य में गड़बड़ियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
पिछले कुछ वर्षों में NEET सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों ने लाखों छात्रों का भरोसा कमजोर किया। विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा प्रणाली में सुधार पहले ही हो जाना चाहिए था। अब सरकार का कहना है कि सिर्फ कानून सख्त करना ही नहीं, बल्कि संस्थागत सुधार भी उतने ही जरूरी हैं।
पेपर लीक के मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए सरकार ने दिल्ली, औरंगाबाद और नागपुर में तीन फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन की भी घोषणा की है। इससे उम्मीद की जा रही है कि मामलों का जल्द निपटारा होगा और दोषियों को समय पर सजा मिल सकेगी।
सरकार और छात्रों के बीच हाल में हुई बातचीत को भी सकारात्मक कदम माना जा रहा है। सरकार ने छात्रों के सुझावों पर विचार करने का भरोसा दिया है और संकेत दिए हैं कि परीक्षा प्रणाली में होने वाले सुधारों में इन सुझावों को शामिल किया जाएगा।
हालांकि, इन सुधारों की सफलता का वास्तविक आकलन भविष्य की परीक्षाओं से होगा। यदि नई व्यवस्था के बाद भी पेपर लीक जैसी घटनाएं रुकती नहीं हैं, तो केवल कानून की सख्ती पर्याप्त नहीं मानी जाएगी। दूसरी ओर, यदि पारदर्शी परीक्षा प्रणाली स्थापित होती है और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होती है, तो इससे छात्रों का विश्वास दोबारा मजबूत हो सकता है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार की इस प्रक्रिया के पीछे छात्रों का लगातार बना दबाव और उनका लोकतांत्रिक आंदोलन एक महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि सरकार द्वारा घोषित सुधार जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी ढंग से लागू होते हैं और क्या वे वास्तव में देश की परीक्षा प्रणाली को अधिक निष्पक्ष और भरोसेमंद बना पाते हैं।
