मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17.80 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में बने सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत ढांचे के विकास के साथ-साथ पर्यटन, खेल और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
उन्होंने कहा कि मसूरी देश के प्रमुख पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन में शामिल है। यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार मसूरी के समग्र विकास पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है और मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक करीब 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण भी किया जा रहा है। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क को सीआरएफ योजना के तहत मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के दोनों किनारों और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य भी किए जा रहे हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने हर वादे को धरातल पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विकास कार्यों के बजाय अफवाहें फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। इसके अलावा समान नागरिक संहिता (UCC), दंगों में सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली का कानून और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलें शुरू की गई हैं। इन योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में युवा रोजगार प्राप्त करने के साथ रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।
